Thursday, 9 July 2015

व्यापम लीला पद -----२
कैसा ये व्यापम घोटाला |
विन्ध्य -सतपुडा  गिरि श्रेणी पर करते नृत्य भूत बेताला ||
चाल चरित्र चेहरा मिलकर ,करते कितना गड़बड़झाला |
बांधे ठाट बिना मेहनत के किये बिना कोई काम कसाला ||
जिसके लाठी हाथ भैंस का मालिक बन बैठा  गोआला |
मौत मौत पर मौत देखकर लगे दाल में काला ||
इनकी नैतिकता से नीचा राणा के प्रताप का भाला ||
लोकतंत्र की गाय चौक पर ढूँढत फिरे निवाला |
कहाँ छिपे बैठे रघुनन्दन कहाँ छिपे नंदलाला ||
केवट नाव डुबोकर पूछे कहाँ गया रखवाला |
करे बुराई का अभिनन्दन अच्छाई को देस निकाला ||
कैसा ये व्यापम घोटाला
मैया री मोहे व्यापम भावै |
मध्य देस के माहि बिराजत न्याय कू सींग दिखावै |
संस्किरिति की पूंछ पकरि के भैयन कू तिरवावे ||
मांग करे कोऊ न्याय करौ रे , वाकू आँख दिखावै |
याकू करो प्रणाम नहीं तो दुनिया सू हट जावे |
जीवन बी याकी संगति में अपने पाप धुबाबै ||
कामधेनु सी व्यापम तजि के छेरी कौन दुहावै |
आगो पीछो देखि के जीवन व्यापम के लीला पद गाबै||

Wednesday, 8 July 2015

व्यापम लीला के पद 
व्यापम व्यापम व्यापम व्यापम
पूरे देश में व्यापम व्यापम|
नेता को वरदान मगर ये जनता को ज़िंदा अभिशापम |
मौत सिरहाने खडी ताकती व्यापम वैसा जैसी खापम |
यहाँ भी व्यापम वहाँ भी व्यापम व्यापम का फैला है पापम | |
उत्तर व्यापम दक्षिण व्यापम पूरब पश्चिम व्यापम व्यापम ||
व्यापम की महिमा से पलते गुंडे नेता अधम कलापम |
मिलीभगत नौकरशाहों की इनकी अलग बनी है छापम ||
देश संपदा कब्जा करके मीठा मीठा गप्प सडाकम ||
हर हर गंगे हर हर गंगे बैठ करो सब माला  जापम ||
उसको क्या परवाह व्यापम की जो घर में बैठा है धापम ||
अपना भला चाहते 'जीवन' तुम भी भज लो  व्यापम व्यापम ||

Wednesday, 7 January 2015

दुःख


कहाँ समझ में  आता है
आसानी से दुःख
दुःख अपना ही नहीं समझ पाते लोग
 कारण समझ पाना
और भी मुश्किल
अभी तक जो कारण बतलाए गए
गलत साबित हुए
कहीं भी नहीं पहुच पाए
उन कारणों का प्रलाप करते हुए 
भेड़ चाल से
वे आज तक दुनिया को भटका रहे हैं
और आपस में लडवा रहे हैं
उनके झंडे खून से रंगे हुए हैं
क्योंकि उनको अभी तक असली कारणों का पता नहीं चला है  


मेरे नगर के
कम्पनी बाग़ के सामने लगा वट वृक्ष
कितनी यादों में समाया हुआ रहा
तब तक
जब तक उसे ज़िंदा रखने के कारण बने रहे
अब वह कहीं नहीं 
 तक तक खडा रहा वह
जब तक उसका हवा पानी और आग---धरती
और आकाश  से तालमेल बना रहा
दुःख का मतलब है सही तालमेल की कमी
यह सदियों से गायब है हमारे देश में 


एक औरत ने जब अपना दुःख दूसरी औरत से गिडगिडाते हुए कहा
वह कहाँ समझ पाई
उसने उसकी मजाक उड़ाई
वह अनुनय विनय करती रही
उसने उसको देवी और मालकिन तक कहा
लेकिन वह न समझ पाई उसका दुःख
उसकी दुनिया उससे बहुत अलग और दूर की दुनिया थी
यह विडंबना नहीं तो और क्या है कि
हम अपने दुःख उनको सुनाते  हैं
जिनके न कान होते हैं
न आँख
न दिमाग
दिल नाम की चीज तो दूर दूर तक नहीं होती
पत्थरों ने बहती नदियों को हमेशा से रोककर रखा है
नदियाँ जब जब बही हैं
अपनी ताकत से बही हैं
पत्थरों को चुन लेने से  लोकतंत्र की बहती नदी रुकती है 
हम ने उनको अपना नेता चुन लिया है
जो समय के सबसे बड़े दस्युओं से मिले हुए हैं



यह हमारी गलती और सबसे बड़ी चूक रही है  कि
हमने अपना सही विकल्प नहीं बनाया
हमने वह पेड़ तैयार नहीं किया
जो बिन मांगे छाया देता है
हम उस सूरज के पास नहीं गए
जो पूस  की ठण्ड से सबको बचाता  है
सूरज से हमने लोकतंत्र का पाठ नहीं पढ़ा
हमने अपनी प्यारी धरती से भी कुछ नहीं सीखा
उसको भी बाँट---बेचकर हम खाते रहे 
हमने जिनसे दोस्ती गांठी
और जिनको अपना प्रतिनिधि चुना
वे हमारे थे ही नहीं
दुखों की गठरी को ढोते हुए
हम वहाँ पहुचे 
जहां पहले से भूतों का डेरा जमा हुआ था
वे हमेशा भूतकाल की बात करते थे
वे न वर्तमान को जानते थे
 न भविष्य को समझते थे

दुःख के सागर में
फिलहाल हवाएं  अनुकूल नहीं हैं
नौका के पालों में कितने छेद हो चुके हैं
वे जीर्ण--शीर्ण हो चुकी हैं
उनको संवार कर ही हम आगे बढ़ सकते हैं
और उस दुनिया की खोज कर सकते हैं
जहां सूरज की तरह
सबको रोशनी मुहैय्या होती है |

Tuesday, 16 September 2014

एक कविता


मैं उदास क्यों हूँ ?

मैं क्यों उनके असर में आता जा रहा हूँ ,
जो मेरी उदासी को बढ़ाते हैं
सैर सपाटे के समय भी
वे कांटे     बिछाते हैं
मेरे अपने सोच को छीन कर
वे अपनी शैतानी , लालच और दैत्याकारी   सफलता की
मनुष्य विरोधी  कहानियों को 
आसमान से फैंकते है
मेरे दिमाग को
स्वाधीन क्यों नहीं रहने देते वे
मुझे रोज रोज उदासी के परदे से
ढकते हैं
और वह जीवन--सत्य भी
जो हज़ारों सालों से पहले आदमी की बात करता  था
बाद में किसी और की
यह कैसी दुनिया है
जो चीजें मेरे हाथ में देकर
मेरे जीवन की सारी खुशियाँ छीन रही है
मेरी स्वाधीनता पर सबसे बड़ा पहरा लगाया जा रहा है
जब से टेलीपैथी  की इस  दूर बैठी दुनिया ने
मेरे आँगन में अपनी खाट बिछाई है
मेरा स्वभाव बदल रहा है
मेरी इच्छाएं बदल रही हैं
मेरा ज्ञान बदल रहा है
मेरी क्रियाएँ बदल रही हैं
इतने तक होना ,  फिर भी ठीक  है
संकट यह है  कि   मेरा शील
मेरा ईमान बदल रहा है
मेरा सौंदर्य बोध बदल रहा है
और वह उस दिशा में जा रहा है
जहां एक खूनी जंगल पसरा हुआ  है
 अब मैं उदास ही नहीं
हैवानियत की और भी जाने लगा हूँ
मैं अपनों से बिछुड़ने लगा हूँ
मैं अपने गाँव के किनारे बहने वाली नदी से
उसके होते हुए विमुख हो  रहा हूँ
 मुझे पता नहीं कि 
झेलम में इतनी गाद  किसने भरी 
कि  वह जल--प्रलय का कारण बनी 2014 के सितम्बर माह में
यह एक दिन का काम नहीं
 जिसने किया है
वह हमारे आस पास दिखाई नहीं देता
उसकी नज़र हमारे पहाड़ों , नदियों पर है
उसने अपनी दानवाकार यंत्र विद्या से
मुझे उदास किया है
उसके नीचे छिपे है युद्ध के ऐसे हथियार जो
कितने हिरोशिमा और नागासाकी
जैसी प्रलय मचा सकते हैं
यह कैसी दुनिया है जो
लगातार मेरी उदासी को बढ़ाती जाती है ।



 जीवन सिंह ,
1 /14 अरावलीं विहार ,
काला कुआ ,
 अलवर (राजस्थान )301002
mob 09785010072
 

Tuesday, 8 July 2014

 यह लड़की 



यह लड़की
बेनागा  रोज
अपना काम पूरा करती है
बिलकुल सूरज की तरह
जैसे वह अपने समय पर
आता और जाता है
यह लड़की पढ़ने की अपनी उम्र में
पढ़ने नहीं गयी
यह लड़की
नहीं जानती
कि खेलने--खाने की
कोई उम्र होती है
दूसरे  घरों की सफाई
का जिम्मा इस पर है
यह झाड़ू--पौंछा लगाने के बाद
झूठे बर्तन साफ़ करती है
और उतना पाती है
जिससे इसके पेट की आग
 बुझ सकती है
यह भी देश की नागरिक है
वोट  देती है
देश का वह काम करती है
जिसे दूसरे करने से झिझकते
और अलसाते हैं
यह बेनागा उसी काम को करती है
फिर भी इसकी जगह
कूड़े---करकट की तरह
कूड़ेदानों में है।


इसे रेल की यात्रा करने से पहले
 सौ बार सोचना पड़ता है
इसे वे कपडे पहनने पड़ते हैं
जो दूसरों ने उतार कर फेंक दिए हैं
इसे वह खाना पड़ता है
जो दूसरों के पेट में समाने से रह गया है
यह इसी देश की नागरिक है
यह वोट भी देती है




इसे कोई फर्क नहीं पड़ता
कि आज कोई तीज---त्यौहार है
दीवाली इसके लिए इतना ही अर्थ रखती है
कि दूसरों की दया होगी
तो इसे भी बचीखुची मिठाई मिल जाएगी
यह दूसरों की दया पर निर्भर है
कि यह ज़िंदा रह सकती है
इसके ऊपर कितनी नज़रों के पहाड़ रोज टूटते हैं
यह लड़की फिर भी डटी  हुई है
जिंदगी के मोर्चे पर
यह हमेशा एक युद्ध के बीच में है
जीवन भर युद्ध
एक ऐसा युद्ध जिसमें
रोज मरना  पड़ता है
फिर भी यह निरंतर युद्ध लड़ती है
और इंसान बनी रहती है।
जितना पसीना बहाती है
उससे बहुत कम  पाती है
यह लड़की इसी देश की नागरिक है
और वोट भी देती है।

इसने कभी कोई पाप नहीं किया
इसलिए इसे कभी पुण्य करने की
जरूरत ही नहीं पडी
जो पाप नहीं करता उसे
पुण्य करने की जरूरत कहाँ है
पुण्य वही करता है
जो पहले खूब सारे पापों की गठरी
अपने सिर  पर धर लेता है
यह लड़की निष्पाप जीवन का
सबसे बड़ा प्रमाण है।








































Tuesday, 3 June 2014

यह अलग रास्ता है

कोई जगह ,
कोई समय ऐसा नहीं ,
जहां
यह सूर्य नहीं चमकता
बादल कितने ही काले ,
डरावने क्यों न हों
इसे ढक  नहीं पाते
किन्तु , यह अलग रास्ता है
सबसे अलग
अकेले पड़  जाने वाला
जहाँ खाने को घास की रोटियां हैं
छप्पन भोग नहीं
जो छप्पन भोग करने  और सोने के लोटों में
गंगाजल पीने वाले गीतों में शामिल हैं
वे न इस पर चलते हैं
न इस दिशा को
अपने गणित में शामिल करते हैं 


यह किसी मजहब, धर्म और देश से होकर
नहीं गुजरता
कोई जाति  भी यहां नहीं होती
धरती का हर कोना
इससे प्रकाशित होता है
देश इसे नहीं  बनाते
यह देशों को बनाता है
इतिहास इसके आँगन में खेलता है
भूगोल इसके पीछे पीछे चलता है
यह संस्कृति को
करवट की तरह बदल देता है

यह सूर्य की तरह कभी अस्त नहीं होता
चन्द्र की तरह कभी गर्म नहीं
यह आकाश की तरह निर्मल
धरती की तरह उदार
और सागर --सी गहराई लेकर 
इसे आत्मा के अपने राग की तरह
सबसे उदात्त और ऊंचे स्वर में ही गाया जा सकता है