Thursday, 12 July 2012

मेघा आए उमड़-घुमड़ कर
नभ में छाए उमड़-घुमड़ कर
जब चाहें आ जाते हैं
सूरज को धमकाते हैं
हमको आँख दिखाते हैं
हाथों में छाते पकडाए ,उमड़-घुमड़ कर
आते हैं तो आते हैं
अन्धकार कर जाते हैं
घर में हमें छ्हिपाते हैं
पानी के पीपे ढरकाए ,उमड़-घुमड़ कर

Wednesday, 11 July 2012

आष्ट्रेलिया आए हैं
गीत विदेशी गाए हैं
अपनी-अपनी सुनते हैं
अपनी-अपनी कहते हैं
अपनी बोली भाषा के संग
पेंशर्स्त में रहते हैं
जैसे गाय के जाए हैं |
रोज मिरांडा जाता हूँ
अभि को पहुंचाता हूँ
अवधि पूर्ण हो जाने पर
वापस लेकर आता हूँ
दस से चार बजाए हैं |
वेस्टफील्ड एक मॉल है
बाजारू जंजाल है
इस चमक-दमक की दुनिया में
बुरा हमारा हाल है
मन ने प्रश्न उठाए हैं |
क्रोनाला का सागर-तट
मेरे मन का अक्षय-वट
हरदम भरता रहता है
मेरे भीतर घट प्रति घट
ह्रदय-सिन्धु सरसाए हैं |

Tuesday, 10 July 2012

धूप खिली,धूप खिली
मीठी-मीठी धूप खिली
इधर खिली उधर खिली
उधर खिली इधर खिली
आँगन-आँगन धूप खिली
आसमान से आती है
आकर हमें जगाती है
परियों सी मुस्काती है
बातें करती भली -भली |
कभी पेड़ पर चढ़ती है
अन्धकार से लडती है
ठण्ड से अकडती है
खेल खेलती गली-गली |

Wednesday, 2 May 2012

आपकी अपनी जमीन पर कवितायेँ भी खिनुवा के पेड़ की तरह उगती हैं | यही आपकी वास्तविक काव्य- भूमि है | अपनी भाषा और व्यंजना में भी बेजोड़ | खिनुवा तो थोड़े में बहुत कुछ कह जाती है | बधाई |

Sunday, 29 April 2012

  छन्दहीन  इस समय में शेरपा का श्रम से लबालब व्यक्तित्व जीवन का बेहद रूपवान छंद रचता है |अफ़सोस यह है कि  यह छंद आवारा पूंजी से अघाए वर्गों की जिन्दगी में संगीत की तरह कहीं सुनाई नहीं देता | कविता का यह शेरपा हमारे व्यक्तित्व का अंग भी बने तभी जाकर दुनिया का वास्तविक छंद  रचा जा सकता है |यह कविता का लोक भी है और लोक की कविता भी |

Saturday, 28 April 2012

"दर-असल, आज भी मैं तुलसी की इस बात से सहमत हूं कि कविता का मोती "हृदय-सिंधु" में पलता है - "हृदय सिंधु मति सीप समाना" । दूसरी ओर अनुभव होता है कि आज के अधिकांश कवियों के हृदय, पोखरे या छोटी-बड़ी ताल-तलैयों से ज्यादा बड़े नहीं रह गए हैं । आत्मविस्तार की बजाय वहां प्रलोभन , यश-कीर्ति , प्रशस्ति-पुरस्कार का मायाजाल उसके हृदय को निरन्तर संकुचित कर रहा है । पुराने कवियों से तो जैसे आज का कवि कुछ सीखना ही नहीं चाहता"
मध्य वर्ग का निम्न मेहनतकश वर्ग की जिन्दगी के अनुभवों से लगातार कटते और दूर होते जाना और अपने ही एक मिथ्या क्रांतिकारी संसार में हवाई किले बनाना |यह मध्यवर्गीय बीमारी है | इससे मुक्ति तभी सम्भव है जब उसके जीवन के सैद्धांतिक-विचारधारात्मक सरोकार ही नहीं वरन व्यावहारिक जीवन में भी वह निम्न - मेहनतकश वर्ग से स्वयम को सम्बद्ध रखे |इससे उसके जीवनानुभव भी समृद्ध होंगे और उसका व्यक्तित्त्व -निखार भी होगा | फिर उसकी कला  का तेज  ही कुछ अलग तरह का होगा | उसमें धैर्य भी आ जायगा और प्रसिद्धी  , पुरस्कार एवं सम्मान पाने की लालसा भी कम हो जायेगी |