Saturday, 25 July 2015

बादल अपने मौसम में
नेताओं की तरह
रोज घिरते हैं
किन्तु बरसते नहीं |
वायदा करके
थोड़ी देर बाद रफूचक्कर हो जाते हैं |
रह जाती है
फिर वही चिलचिलाती धूप|
भय और प्रेम के रिश्ते को लेकर तुलसी बाबा की कही बात ---भय बिन होय न प्रीत ----किस तरह से समाज में गलत ढंग से एक कहावत की तरह प्रचलित हो गयी है |जबकि सच यह है कि भय के साथ कहीं भी और किसी भी स्थिति में प्रेम जैसा भाव पैदा नहीं होता |जिन माँ---बापों से बच्चे डरते हैं उनसे प्यार कैसे कर सकते हैं |प्रेम उसी स्थिति में होगा जहां भय नहीं होगा | यह अलग बात है कि हम ऐसा कर न पायें |वास्तविकता तो यही है कि भय और प्रेम का दूर दूर का भी रिश्ता नहीं होता |स्कूलों में बच्चों को डराकर शिक्षा देने का आम रिवाज रहा है किन्तु उसने कितना नुक्सान किया है इसका कोई हिसाब नहीं है |चालीस--पचास साल पहले की बात है जब मेरे दो छोटे भाई इसलिए स्कूल जाने से बैठ गए क्योंकि वहाँ अध्यापक बिना मारे---पीटे बात ही नहीं करते थे |वे स्कूल जाने से पहले रोने लगते थे |जब वे जाते नहीं थे तो घर पर मार पड़ती थी तो वे स्कूल का बहाना करके कहीं जाकर छिप जाते थे |बाद में वे धोखा देने लगे |आज भी कई बच्चे ऐसे देखे हैं जो स्कूल जाने से पहले डरकर रोने लगते हैं |इस तरह के लोगों को अध्यापक नहीं बनाया जाना चाहिए जो बच्चों से अक्सर मार---पीट करते रहते हैं |यह व्यक्ति का सामन्ती और निराशावादी व्यवहार है जब वह मार् पीट कर डर से अपना काम निकालता है |यही वजह है कि लोग चोर---डाकुओं से प्यार नहीं करते , डरते जरूर हैं |भय ने लोगों को निकम्मा और ढीठ बनाया है स्नेही नहीं | पुलिस और प्रशासन से कौन प्यार करता है |सत्ता से भी लोग भीतर ---भीतर नफरत करते हैं जैसे गुंडे का कोई सम्मान नहीं करता उससे डरता है |डर,का सम्मान और प्रेम से कोई वास्ता तक नहीं होता |तुलसी बाबा ने जो बात कही है उसकी लोग अक्सर नजीर देते हैं लेकिन यह नहीं सोचते कि यह कितनी गलत ,खतरनाक और लोकतांत्रिक मूल्य विरोधी बात है |यह कदाचित उन्होंने तुक मिलाने के लिए कह दी है और ज्यादा सोच---विचार नहीं किया है |जबकि उनके यहाँ ही राम से लोग प्रेम करते हैं किन्तु वहाँ भय नाम का लेश भी नहीं है |सब नर करही परस्पर प्रीती |यह राम राज्य की एक विशेषता है आपस में सब डरकर रहते हैं यह नहीं |जहां लोग आपस में डरकर रहते हैं और एक दूसरे पर अविश्वास करते हैं , समझो समाज के भीतर कोई भारी गड़बड़ी है |यह बीमारी का लक्षण है |रावण से कोई प्रेम नहीं करता उसकी चापलूसी ---खुशामद करते हैं |दरबारी लोग इसीलिये समय आने पर अपना स्वामी बदलने में देर नहीं लगाते |इसलिए भय और प्रेम के सम्बन्ध का विचार उस दिमाग की उपज है जो सामन्ती परिस्थितियों में निर्मित हुआ |

Friday, 24 July 2015

प्रतिरोध और प्रतिशोध में जमीन---आसमान का फर्क होता है |
बाबा तुलसी कह गए हैं
भय के बिना प्रीति नहीं होती
सच नहीं लगता कथन उनका
यह सत्ता का सिद्धांत हो सकता है
मानवता का नहीं
सच्ची प्रीति वहीं होती है
जहां भय नहीं होता |
असहाय और बेबस की आत्महत्या भी धापे धींगों के लिए हंसी---मजाक होती है |
न्याय प्रक्रिया में जांच एजेंसियां जहां सरकारों के हाथों में हों यानी उनको स्वायत्त तौर पर काम करने का अधिकार न हो तब परिणाम में न्याय भी निरपेक्ष न होगा |किसी के दोनों हाथ बांधकर शायद ही कोई काम कराया जा सकता है |
दंड डराता जरूर है , सुधारता शायद ही हो |इसीलिये महान आत्माओं ने कहीं दंड से काम नहीं लिया| महात्मा बुद्ध, महावीर ,ईसा मसीह,मोहम्मद साहब , महात्मा गांधी का जीवन इसका प्रमाण है | कार्ल मार्क्स का सिद्धांत भी डर का सिद्धांत नहीं है |वह सच में प्रेम का सिद्धांत है |यह अलग बात है कि प्रेम की स्थापना के लिए पाशविक शक्तियों से लोहा लेना पड़ता है | डर से सुधार करने की गलती खूब की जाती है | जबकि दंड की प्रकृति हमेशा प्रतिशोधी होती है |जैसे को तैसा का सिद्धांत पाशविक है , मानवीय नहीं |मानवता की यात्रा के अनुभवों से यही लगता है कि भय से लम्बे समय तक प्रीति पैदा नहीं की जा सकती |