Tuesday, 31 January 2012

इतना तो मुझे मालूम है कि  जब प्रेम चंद गांधी बहुत बड़े .'मार्क्सवादी' थे और  प्रगतिशील लेखक संघ के बड़े नेता नहीं बने थे तब विजेंद्र की  ' कृति ओर 'के सम्पादक मंडल से बाहर कर दिए गए थे और इससे वे  बेहद नाराज हुए थे | तभी से यह सब चल रहा है | यह और कुछ नहीं उनकी निजी और भीतर की गहरी पीड़ा है | विजेंद्र के बारे में जहां तक मैं जानता हूँ अपनी विचारधारा और आचरण में आवारा पूंजी के समर्थकों से लाख गुना बेहतर हैं |यह फेस बुक का दुरूपयोग है कि जो  व्यक्ति फेस बुक पर है ही नहीं उसका इस तरह चरित्र - हनन करना | यह बेहद दुखद और निंदनीय है |

Monday, 30 January 2012

आवारा पूंजी के कुलीनता-वादी खेल को  'साहित्योत्सव' नाम देना वैसा ही है जैसे गधे को बाघ की खाल उढा-कर  बाघ- बाघ चिल्लाना | बात भाषा की उतनी न हो तब भी एक औपनिवेशिक अवस्था की दुर्दशा से गुजरे देश की जनता के लिए यह जरूरी हो जाता है कि   वह उन सवालों को पूछे , जो उसे बार बार गुलामी के दिनों की याद दिलाते हैं |निस्संदेह , ज्ञान के मामले में आज अंगरेजी बेहद जरूरी है और बाज़ार की ताकतों से मुकाबला करने के लिए भी , किन्तु वह  यदि हमारी देशी भाषाओं के सिर पर चढ़-कर आती है तो किसी भी स्थिति में वरेण्य  नहीं हो सकती | शेखर कपूर की आत्मा से इसके लिए अनजाने एक मुहावरा सा निकल कर आया है --- जिसमें उन्होंने इसे "साहित्य की आवारागर्दी "  बतलाया है |कैसी विडम्बना है कि इसमें एक जमाने के 'प्रगतिशील' और ' जनवादी' कहे जाने वाले लोग भी शामिल हुए ?

Sunday, 29 January 2012

केशव जी की बात ही अलग |वे कविता करते ही नहीं वरन पुराने कवियों की तरह  जीते भी हैं | इस समय का उभरता हुआ एक बेहतरीन कवि | कवि-चरित्र  का उदाहरण |

Saturday, 28 January 2012

मैं कविता में मिठास का विरोधी नहीं हूँ| जिनको मेरे बारे में पता है कि  मुझे न पढने की बीमारी है , ऐसे लोग अपनी दुकान  अपने पास रखें और उन लोगों से बातें करें जो उनकी कवितायें पढ़ते हैं |व्यर्थ में फटे में पाँव क्यों देते हैं ? जिनको आज की कविता में तेजी से उभरता गडमड्ड  कलावाद नज़र नहीं आता और जो लोग केवल अपनी ही कविता के पारखी हैं ,ऐसे लोगों से मैं बचने की कोशिश करता हूँ |  मेरा तात्पर्य विरुद्धों के सामंजस्य से था , जो आज की कविता में कमजोर पडा है और इकहरेपन का यांत्रिक तनाव ज्यादा दिखाई देता है| द्वंद्वात्मक तनाव  जीवनानुभवों से आता है ,    मात्र किताबी ज्ञान से नहीं | जीवनानुभवों की तीव्रता केवल उन लोकधर्मी युवा कविताओं में आरही है जो ठेठ जीवनानुभवों  के संपर्क में हैं | इनमें ताजगी और सहजता जैसे काव्य-गुण खूब हैं और यह मध्यवर्गीय सीमाओं का अतिक्रमण कर कविता के विस्तृत जीवन-प्रांगणों के रू-ब-रू कराने वाली है लेकिन यहाँ भी अभी अपने समय का वास्तविक तनाव कमजोर स्थिति में है | जब तक उत्तर- आधुनिक  विचारधारा द्वारा फैलाई जा रही भ्रांतियों के  विमर्शजन्य खंडित "दर्शन" की पहेलियों से मुक्त होकर सीधे- सीधे  मेहनतकश के समग्र दर्शन  की  रोशनी में चीजों को फिर से  नहीं देखने का अभ्यास किया जायगा तब तक मिठास और कडवाहट के तनाव की वह अभिव्यक्ति नहीं होगी , जो हर युग में बड़ी और बेहतरीन कविता के लिए जरूरी होती है |  अच्छी कविता आज भी खूब लिखी जा रही है |मैं अपनी समझ और एक बेहद सामान्य कविता- पाठक की हैसियत से अपनी बात कह रहा हूँ |

Friday, 27 January 2012

 दरवाजे पर वसंत की दस्तक और महाकवि निराला के जन्म दिन पर हर्षाभिव्यक्ति एवं बधाई ---पद्माकर कवि के   शब्दों में कुछ दिनों बाद "  बनन में बागन में  बगरौ बसंत है "  की रूपावली का प्रकृति समारोह होगा |

Thursday, 26 January 2012

जहां तक अच्छे सृजन का सवाल है , मुक्तिबोध और ६ शताब्दी पहले कबीर एवं आधुनिक कवि निराला  की कविता में से समय का तनाव निकल जाए तो उसका वह महत्त्व नहीं रहेगा जो आज स्थापित है | आज लिखी जा रही कविताओं की सबसे बड़ी कमजोरी ही यही है कि  वे समय के तनाव को दरकिनार कर रही हैं |आज बहुत मीठी मीठी कवितायें लिखे जाने का रिवाज चल पडा है और उसको लगातार सराहने वालों की तादाद भी बढ़ती जा रही है |
शिक्षक , यदि रचनात्मक है तो उसे आनंद-भाव और तनाव में तालमेल बिठाकर चलना होगा ,अन्यथा विद्या आज की तरह मात्र अर्थकरी होकर रह जायेगी | विद्या की प्रकृति में आनंद-भाव अन्तर-निहित  रहता है बशर्ते कि  उसकी  मूल प्रकृति को अध्यापक हृदयगम कर ले | आज सभ्यता का दबाव इतना अधिक हो गया है कि अध्यापक को अपना दायित्व -बोध ही अपवाद-स्वरुप हो पाता है | वह व्यवस्था-जन्य  निर्देशों के तंत्र में फंसकर अपना असली दायित्व भूल जाता है | उस हनुमान के लिए एक जामवंत की जरूरत हमेशा बनी रहती है , जब कि जरूरत यह है कि वह स्वयम हनुमान बने | हनुमान रामायण का एक ऐसा चरित्र है जो तनाव और आनद का सबसे बड़ा उदाहरण है |