Friday, 24 July 2015

बाबा तुलसी कह गए हैं
भय के बिना प्रीति नहीं होती
सच नहीं लगता कथन उनका
यह सत्ता का सिद्धांत हो सकता है
मानवता का नहीं
सच्ची प्रीति वहीं होती है
जहां भय नहीं होता |
असहाय और बेबस की आत्महत्या भी धापे धींगों के लिए हंसी---मजाक होती है |
न्याय प्रक्रिया में जांच एजेंसियां जहां सरकारों के हाथों में हों यानी उनको स्वायत्त तौर पर काम करने का अधिकार न हो तब परिणाम में न्याय भी निरपेक्ष न होगा |किसी के दोनों हाथ बांधकर शायद ही कोई काम कराया जा सकता है |
दंड डराता जरूर है , सुधारता शायद ही हो |इसीलिये महान आत्माओं ने कहीं दंड से काम नहीं लिया| महात्मा बुद्ध, महावीर ,ईसा मसीह,मोहम्मद साहब , महात्मा गांधी का जीवन इसका प्रमाण है | कार्ल मार्क्स का सिद्धांत भी डर का सिद्धांत नहीं है |वह सच में प्रेम का सिद्धांत है |यह अलग बात है कि प्रेम की स्थापना के लिए पाशविक शक्तियों से लोहा लेना पड़ता है | डर से सुधार करने की गलती खूब की जाती है | जबकि दंड की प्रकृति हमेशा प्रतिशोधी होती है |जैसे को तैसा का सिद्धांत पाशविक है , मानवीय नहीं |मानवता की यात्रा के अनुभवों से यही लगता है कि भय से लम्बे समय तक प्रीति पैदा नहीं की जा सकती |

Thursday, 23 July 2015

कविता की ताकत देखिये |अभी बिहार के मुख्य मंत्री ने सोलहवी सदी के जन कवि रहीम के एक दोहे का अचूक प्रयोग किया |जिसमें कुसंग और भुजंग दो शब्द ऐसे आये हैं जो बड़े जीवन सन्दर्भ की मांग करते हैं |पूरा अर्थ तभी खुल पाता है |इस मामले में यानी मानव स्वभाव को समझने में रहीम बेजोड़ हैं | तुलसी के बाद भाषा के मास्टर |यही है कविता की ताकत , उसने अपना काम पूरा कर दिया |रहा कुसंग का सवाल , सत्ता की राजनीति करना कुछ ऐसी विवशता या स्वार्थ है कि इसमें कविता भी दूर तक सहायता नहीं कर सकती | कुसंग तो कुसंग है ,वह किसी का भी हो सकता है | सच तो यह है कि आज की सत्ता की सम्पूर्ण राजनीति ही अब एक तरह का कुसंग बन चुकी है |जो अब भी कुछ मूल्यों पर टिके हैं वे धीरे धीरे इसी कुसंग की मार से हाशिये पर चले गए हैं |वाम राजनीति ने इसका खामियाजा सबसे ज्यादा उठाया है |सच तो यह है कि वह राजनीति कुसंग बन जाती है जो नीति को छोड़कर सिर्फ राज पाने के लिए की जाती है |
सब कुछ नियंत्रित किया जा सकता है यदि शिक्षा-व्यवस्था और तंत्र को नियंत्रित कर लिया जाय |व्यक्ति के मन और दिमाग पर गलत तरीके से कब्जा करके उसे आसानी से गुलाम बनाया जा सकता है |अंग्रेज जब इस देश में आये तो उन्होंने सबसे पहले यहाँ के शिक्षा तंत्र और उसके माध्यम को तोड़कर अपनी दृष्टि और माध्यम को उद्देश्य्यपूर्वक लागू किया |जिसकी वजह से देश लगभग दो सौ साल तक उनका बंधुआ बन गया |यही आज भी हो रहा है |गुणात्मक महत्ता , उत्कृष्टता और श्रेष्ठता अब शिक्षा के मानदंड नहीं |साप्रदायिक शक्तियों का शिक्षा के प्रति नज़रिया हमेशा से संकीर्णता का रहा है |जब भी वे सत्ता में आती हैं तो सबसे पहला निशाना शिक्षा तंत्र को बनाती हैं |

Sunday, 19 July 2015

कल १९ जुलाई को जन्म दिन पर प्राप्त शुभकामनाओं के अपार स्नेह से पुलकित--रोमांचित हूँ |सबसे पहले इस तरह के सनेह के लिए सभी साथी---मित्रों के प्रति ह्रदय से अपना आभार व्यक्त करता हूँ |यह फेस बुक का नया संसार है जिसमें जानने वालों के अलावा भी जानकारियों का एक नया सिलसिला बन जाता है |६८ जन्म दिन तो पहले भी आये थे पर पता ही नहीं चलता था कि कब आया और निकल गया |अब इतना पता चलता है कि न पूछो |मन द्रवित भी होता है , फैलता भी है और मन ही मन संकोच भी होता है |भीतर से बल भी मिलता है |संभव है कि कुछ ह्रदय विस्तार भी होता हो |शायद इसीलिये शुभकामनाओं की इस परम्परा को बनाया गया हो |बहरहाल , पहले से ज्यादा समृद्धि आई है भीतर ही भीतर जैसे अचानक दायरा बढ़ गया है जिन्दगी का |एक बार पुनः आभार