Wednesday, 25 April 2012

विचारधारा का कोई न कोई रूप हर समय की कविता में रहा है | यह अलग बात है कि उसका सम्बन्ध किसी भाव-वादी विचारधारा से हो |विचारधारा के बिना तो शायद ही कुछ लिखा -कहा जा सके |जो लोग स्वयं को विचारधारा से अलग रखने की बात करते हैं , उनकी भी अपनी छिपी हुई विचारधारा अपना काम करती रहती है | वे तो वैज्ञानिक-द्वद्वात्मक भौतिकवादी विचारधारा को रोकने के लिए इस तरह की दुहाई देते रहते हैं , जिससे शोषक अमीर वर्ग की विचारधारा अबाध गति से फूलती -फलती रहे और शोषित मेहनतकश वर्ग की विचारधारा अवरुद्ध रहे |आवारा पूंजी  का निर्बाध खेल चलता रहे | जिन अनुभवों को निजी अनुभव कहा जाता है ,उनमें समाज के अनुभवों और परंपरा से चली आती मान्यताओं की गहरी मिलावट रहती है |समाज -निरपेक्ष निजी अनुभवों की बात करना वैसे ही है , जैसे सरोवर में स्नान करते हुए स्वयं को आर्द्रता-निरपेक्ष बतलाना |यह अलग बात है कि समाज में प्रचलित अनेक रूढ़िबद्ध  विचारों और मान्यताओं के हम विरोधी हों |रचना का आधार तो कैसे भी बनाया जा सकता है ,प्रश्न यह है कि उस रचना के जीवन-घनत्त्व  का स्तर क्या है ?इस प्रवृति के पीछे कवि का मध्यवर्गीय अवसरवाद है और यह आजकल बड़े- बड़े नामधारियों में देखने को मिल रहा है | "कोई- कोई साबुत बचा कीला -मानी पास" |यह सच्चे कवियों का परीक्षा- काल चल रहा है |
३--- निस्संदेह,हर युग में वर्गीय अनुभवों की सीमाओं में कविता की जाती रही है |कबीर ने जब अपने  वर्ग-अनुभवों के आधार पर कविता की तो तत्कालीन उच्च-वर्ग ने उसे उसी रूप में शायद ही समझा | उसके सामाजिक-सांस्कृतिक अभिप्रायों की वास्तविकता का उदघाटन आधुनिक युग में आकर हुआ , जब वर्गीय समझ सामने आई |  मीरा ने अपने जीवनानुभवों के आधार पर भक्ति-कविता को एक नया मोड़ दिया |आज का दलित कवि अपने अनुभवों से काव्य परिदृश्य में हस्तक्षेप कर रहा है |आज का युवा कवि भी अपने वर्गीय अनुभवों की कविता लिख पा रहा है , जिन कवियों के पास लोक-जीवन के अनुभव नहीं हैं , वे लोक-जीवन से सम्बद्ध कविता को आंचलिकता के खाते में डाल देते हैं | नई कविता में मुक्तिबोध और अज्ञेय की जो दो काव्य धाराएं अलग-अलग नज़र आती हैं उसका कारण वर्गीय दृष्टि है |मुक्तिबोध बेहद वर्ग-सचेत कवि हैं , निम्न मेहनतकश वर्ग की पक्षधरता के साथ वर्गांतरण की प्रक्रिया को वे  कविता की अंतर्वस्तु बनाते हैं | ऐसा आज तक कोई दूसरा कवि नहीं कर पाया है |इसलिए भी उनकी कविता में दुर्बोधता दिखाई देती है |आज के युवा कवियों में ये तीनों धाराएं  दिखाई पड़ती हैं | एक अज्ञेय प्रवर्तित मध्यवर्ग की व्यक्तिवादी धारा , दूसरी मध्यवर्गीय जीवनानुभवों तक सीमित जनवादी धारा और तीसरी निम्नवर्गीय लोक-धर्मी काव्य धारा | मेरा मन इनमें तीसरी धारा के साथ रमता है और मैं इसको सबसे महत्त्वपूर्ण  मानता हूँ |

Tuesday, 24 April 2012

२--लोकधर्मी कविता को यद्यपि एक आंचलिक काव्यधारा के रूप में देखा गया तथापि जीवन के बुनियादी सरोकार हमें इसी काव्यधारा में नज़र आते हैं |यह मध्यवर्गीय भावबोध से सम्बद्ध कवियों की काव्यधारा के सामानांतर एक अतिमहत्त्वपूर्ण और बुनियादी काव्यधारा है | आधुनिक युग में जिसके प्रवर्तन का श्रेय निराला को जाता है | आपने जिन कवियों का नाम लिया है वे इस धारा का विकास करने वाले प्रतिनिधि कवियों में आते हैं | मुक्तिबोध यद्यपि इस धारा से कुछ अलग से दिखाई देते हैं और उनकी मनोरचना मध्यवर्गीय कविता के ज्यादा समीप नज़र आती है किन्तु जब मुक्तिबोध नयी कविता की दो धाराओं का उल्लेख करते हैं तो वे भी बुनियादी तजुर्बों को कविता में लाने और रचने की दृष्टि से इसी काव्य- परंपरा में आते हैं | वे कविता में कवि-व्यक्तित्व के हामी होने के बावजूद व्यक्तिवाद के विरुद्ध काव्य-सृजन करते हैं |यह भी जनधर्मी काव्य-परंपरा का एक रूप है | कविता में जिनका बल जनवादी जीवन-मूल्यों का सृजन करने पर रहता है और जहाँ  जन-चरित्र तथा जन-परिवेश अपनी समग्रता में आता है , वह सब लोक-धर्मी  काव्य-धारा का ही अंग माना जाना चाहिए |कुमार विकल , शील आदि कवियों की कविता भी इसी कोटि में आती है | लोकधर्मी काव्य-धारा की यह विशेषता रही है कि वह  उस शक्ति का निरंतर अहसास कराती है जो मानवीय मूल्यों की दृष्टि से हर युग की सृजनात्मकता का अभिप्रेत रही है |
                            युवा पीढी में अनेक कवि हैं जो इस काव्य-धारा का विकास कर रहे हैं |एक ज़माने में अरुण कमल , राजेश जोशी , उदय प्रकाश ,मदन कश्यप अपनी  जन- संस्कृति -परकता की वजह से इस धारा का विकास करने वाले कवियों में चर्चित हुए | इनके बाद की पीढी में एकांत, का नाम बहुत तेजी से उभरा और नए युवा कवियों में केशव तिवारी , सुरेश सेन निशांत, महेश पुनेठा ,अजेय , नीलेश रघुवंशी , कुमार वीरेन्द्र ,निर्मला पुतुल , रजत कृष्ण,विमलेश त्रिपाठी , भरत प्रसाद , अनुज लुगुन, आत्मा रंजन, आदि कवियों की कविताओं से मैं परिचित हूँ | इस सूची में इनके अलावा और नाम हो सकते हैं क्योंकि दूर जनपदों में ऐसी कविता खूब लिखी जा रही है | हमारे यहाँ राजस्थान में ही विनोद पदरज यद्यपि  छपने-छपाने में बहुत संकोच बरतते हैं लेकिन जितना और जो उन्होंने लिखा है वह इसी धारा को पुष्ट करने वाला है |
आज युवा कवियों द्वारा लिखी जा रही हिंदी कविता का परिदृश्य हर समय की तरह मिला-जुला है जैसे पूरे समाज का है | समाज की प्रवृतियाँ आज की युवा कविता में भी दिखाई देती हैं |कविता का सारा व्यापार कवि के जीवनानुभवों से चलता है |जीवनानुभव जितने व्यापक और बुनियादी होंगे ,कविता की कला भी उतनी ही व्यापक और असरदार होगी | इस समय की कविता पर मध्यवर्गीय जीवनानुभवों का वर्चस्व बना हुआ है |उसमें आज के विवेक और आधुनिक बोध की धार तो है किन्तु वह अयस्क-परिमाण बहुत कम है जो जिन्दगी की खदानों से सीधे आता है |अरुण कमल की कविता की एक पंक्ति लगभग सूक्ति की तरह उधृत की जाती है ----" सारा लोहा उन लोगों का अपनी केवल धार " |  आज स्थिति यह है कि  धार ज्यादा है और लोहा बहुत कम रह गया है | इसका कारण है मध्यवर्ग और निम्नवर्गीय मेहनतकश के जीवन में दूरी का बढ़ते चले जाना | कुछ लोकधर्मी युवा कवि अवश्य हैं जो इस दूरी को कम करने की कोशिशें लगातार कर रहे हैं इसलिए उनकी कविता में धार और लोहे का आनुपातिक संतुलन ज्यादा नज़र आता है |

Monday, 23 April 2012

एक गैर-हिंदी -भाषी महानगर में आपने कविता की अपनी जमीन को सहेज कर रख रखा है , यह बेहद सुखकर और प्रीतिकर  है |कविता को सच की दीवार की एक-एक ईंट के रूप में परिभाषित करना आपकी वस्तुगत कल्पनाशीलता और यथार्थ के रू-ब-रू  होने का सबूत है | अन्य कवितायें भी आपके मिजाज का साक्ष्य प्रस्तुत करती हैं |भाव का विवेक के साथ साहचर्य बनाये रखना आपकी सृजन - कला की खासियत है |

Saturday, 21 April 2012

केशव जी की कविताओं पर महेश जी ने बहुत सटीक और सूत्र पद्धति में सही लिखा है |कविता वास्तव में क्या होती है और हो सकती है यह इस आलोचना और कविता दोनों से समझा जा सकता है | कविता यदि आज शब्दों और दिलों में बची हुई है तो उसका एक रूप यह भी है और यह उसका मर्मस्पर्शी एवं सजीव रूप है | बूढ़े के सन्दर्भ  से गांधी की व्यंजना से कविता इस समय से सीधे जुड़ जाती है | आज की बाजारू सभ्यता ने हमारे जीवनादर्शों को बुढ़ाई के खाते में जबरन धकेल दिया है | प्रेम के मर्म में पैठ बनाने में केशव जी को काफी हद तक सफलता मिली है |कहा जा सकता है कि केशव जी के रूप में भविष्य और वर्तमान की कवि-संभावनाएं छिपी हुई हैं |

Thursday, 12 April 2012

पाँव हैं,
पदचाप हैं ,
पर चल नहीं पाता,

सोच है,
दिमाग भी है
पर, सोच नहीं पाता

हाथ हैं ,
भुजाएं हैं ,
पर कितना कर्महीन हूँ ,

खाता हूँ खूब-खूब
एक-दो बार नहीं ,
पांच-पांच बार
जुगाली करता हूँ सिर्फ
रस नहीं बनता कि
सरस हो जीवन - सरिता ,

ह्रदय होने का
करता हूँ दिखावा
ह्रदय हो नहीं पाता |