Thursday, 23 July 2015

कविता की ताकत देखिये |अभी बिहार के मुख्य मंत्री ने सोलहवी सदी के जन कवि रहीम के एक दोहे का अचूक प्रयोग किया |जिसमें कुसंग और भुजंग दो शब्द ऐसे आये हैं जो बड़े जीवन सन्दर्भ की मांग करते हैं |पूरा अर्थ तभी खुल पाता है |इस मामले में यानी मानव स्वभाव को समझने में रहीम बेजोड़ हैं | तुलसी के बाद भाषा के मास्टर |यही है कविता की ताकत , उसने अपना काम पूरा कर दिया |रहा कुसंग का सवाल , सत्ता की राजनीति करना कुछ ऐसी विवशता या स्वार्थ है कि इसमें कविता भी दूर तक सहायता नहीं कर सकती | कुसंग तो कुसंग है ,वह किसी का भी हो सकता है | सच तो यह है कि आज की सत्ता की सम्पूर्ण राजनीति ही अब एक तरह का कुसंग बन चुकी है |जो अब भी कुछ मूल्यों पर टिके हैं वे धीरे धीरे इसी कुसंग की मार से हाशिये पर चले गए हैं |वाम राजनीति ने इसका खामियाजा सबसे ज्यादा उठाया है |सच तो यह है कि वह राजनीति कुसंग बन जाती है जो नीति को छोड़कर सिर्फ राज पाने के लिए की जाती है |
सब कुछ नियंत्रित किया जा सकता है यदि शिक्षा-व्यवस्था और तंत्र को नियंत्रित कर लिया जाय |व्यक्ति के मन और दिमाग पर गलत तरीके से कब्जा करके उसे आसानी से गुलाम बनाया जा सकता है |अंग्रेज जब इस देश में आये तो उन्होंने सबसे पहले यहाँ के शिक्षा तंत्र और उसके माध्यम को तोड़कर अपनी दृष्टि और माध्यम को उद्देश्य्यपूर्वक लागू किया |जिसकी वजह से देश लगभग दो सौ साल तक उनका बंधुआ बन गया |यही आज भी हो रहा है |गुणात्मक महत्ता , उत्कृष्टता और श्रेष्ठता अब शिक्षा के मानदंड नहीं |साप्रदायिक शक्तियों का शिक्षा के प्रति नज़रिया हमेशा से संकीर्णता का रहा है |जब भी वे सत्ता में आती हैं तो सबसे पहला निशाना शिक्षा तंत्र को बनाती हैं |

Sunday, 19 July 2015

कल १९ जुलाई को जन्म दिन पर प्राप्त शुभकामनाओं के अपार स्नेह से पुलकित--रोमांचित हूँ |सबसे पहले इस तरह के सनेह के लिए सभी साथी---मित्रों के प्रति ह्रदय से अपना आभार व्यक्त करता हूँ |यह फेस बुक का नया संसार है जिसमें जानने वालों के अलावा भी जानकारियों का एक नया सिलसिला बन जाता है |६८ जन्म दिन तो पहले भी आये थे पर पता ही नहीं चलता था कि कब आया और निकल गया |अब इतना पता चलता है कि न पूछो |मन द्रवित भी होता है , फैलता भी है और मन ही मन संकोच भी होता है |भीतर से बल भी मिलता है |संभव है कि कुछ ह्रदय विस्तार भी होता हो |शायद इसीलिये शुभकामनाओं की इस परम्परा को बनाया गया हो |बहरहाल , पहले से ज्यादा समृद्धि आई है भीतर ही भीतर जैसे अचानक दायरा बढ़ गया है जिन्दगी का |एक बार पुनः आभार

Friday, 17 July 2015

यदि कवि के मुहावरे में ठहराव होगा तो कविता भी ठहर जायगी |तत्त्व के लिए संघर्ष से लगाकर कवि को अभिव्यक्ति के संघर्ष तक की यात्रा पूरी करनी होती है | इसीलिये अभिव्यक्ति के क्षण को मुक्तिबोध तीसरा और सबसे लंबा क्षण मानते हैं |एक बार मुहावरा अर्जित कर लेने वाले कवि ठहराव के शिकार खूब होते हैं |इसलिए मुहावरा भी एक विकसनशील प्रक्रिया ही है | वह कविता की अंतर्वस्तु से संबद्ध है |रीतिवाद का खतरा तब आता है जब कवि तत्त्व के लिए संघर्ष करना बंद कर देता है | तब वह दोनों स्तरों पर ठहराव का शिकार हो जाता है |

Thursday, 16 July 2015

कविता में अपना मुहावरा पा लेने का मतलब है अपना व्यक्तित्त्व पा लेना ' जो बड़ी साधना के बाद मिलता है |अपना मुहावरा न पाने वाले कवियों के लिए ही ठाकुर बुन्देलखंडी ने ----सीख लीन्हों मीन मृग खंजन कमल नैन /सीख लीनो जस और प्रताप कौ कहानौ है -----जैसा कवित्त लिखा था किन्तु वे उनको कवि नहीं मानते थे |पुराना कवि भी छंद का अभ्यास कर लेता था और सभा--दरबारों से इनाम इकरार भी पा लेता था किन्तु अपना मुहावरा न बन पाने की वजह से कवियों में ज्यादा समय तक टिक नहीं पाता था |घनानन्द को कहना पडा था-------लोग हैं लाग कवित्त बनावत , मोहि तो मेरे कवित्त बनावत |यानी अभ्यास से कविता कर लेना अलग बात है और अपना मुहावरा पा लेना अलग बात |व्यक्तित्त्व्--हीनता कविता का सबसे बड़ा खोट होता है |उर्दू में शायर तो बहुत हैं किन्तु मीर और ग़ालिब ने अपने व्यक्तित्त्व से कविता को अमर कर दिया है |सच तो यह है कि जिस रोज कवि अपना मुहावरा यानी व्यक्तित्त्व पा लेता है उसी दिन वह कवियों की पांत में खडा हो पाता है |वैसे छापेखाने का और बाज़ार का ज़माना है इसमें कोई भी कवि बन सकता है
कविता अर्जन के साथ मुहावरा भी विकसित होता दिखना चाहिए अन्यथा न कविता रहती है न मुहावरा | जिनके पास अपना मुहावरा नहीं होता वहाँ कविता भी नक़ल से ज्यादा नहीं होती |अपने मुहावरे के लिए ही कवि को जीवनभर साधना करनी पड़ती है | अपना मुहावरा और कविता दोनों का रिश्ता शरीर और प्राण जैसा होता है |

Friday, 10 July 2015

कवि प्रभात की कविता ---------
कवि प्रभात के पहले और नए कविता संग्रह की एक समीक्षा में उनकी कविता को कैमरा वर्क की तरह निर्लिप्त कहा गया है | जो मेरी दृष्टि में सही नहीं है| कविता कैमरा वर्क जैसी प्रतीत होते हुए भी कैमरा वर्क नहीं होती |यदि ऐसा होता है तो यह प्रकृतवाद है |कोई भी कृति रचना तब बनती है जब उसमें रचनाकार का अपना व्यक्तित्त्व आ जाता है |रचना की पहली शर्त है ---व्यक्तित्त्व | वैसे शास्त्र भी व्यक्तित्त्व के बिना नक़ल कहा जाता है \ शास्त्र अध्येता भी पहले जब अनुसंधान कर लेते हैं तब अपनी स्थापनाओं में अपना व्यक्तित्त्व समाहित करते हैं जो उसकी खोज कहलाती है |पहाड़ों पर चढ़ने वाले पहले लोग जिन्होंने पगडंडियाँ बनाई हैं वे ही सच्चे अनुसंधान करता होते हैं | कवि प्रभात अपनी कविताओं में एक शोधक की भूमिका में भी रहते हैं कि कहीं कुछ छूट तो नहीं रहा है , जो दूसरों की निगाह में नहीं है वह उनकी निगाह में भीतर तक समाया हुआ है | यह उनकी कविता की खासियत है |दूसरे उनकी कविता का मुहावरा उस जगरौटी अंचल का है जो एक जमाने से सवाई माधोपुर जिले में फैला हुआ है |अब यह दौसा और करौली जिलों तक फ़ैल गया है |यहाँ के बोली व्यवहार में ब्रज और ढूँढाडी का एक अद्भुत यौगिक रसायन मिलता है जिसकी वजह से यहाँ के बाशिंदे काजल को भी काजड बोलते हैं |यह राजस्थानी की एक बोली ढूँढाडी का असर है |यदि भाषा का यह संस्कार नहीं होता तो यह कविता भी वैसी ही होती जैसी आमतौर पर मध्य वर्ग के लोग लिखते हैं |दरअसल वह रचना होती है जिसे मशीन नहीं कवि का मन रचता है |मशीन की अपनी उपयोगिता होती है किन्तु वह कभी मनुष्य का स्थान नहीं ले सकती |मैंने भी प्रभात की कवितायेँ पिछले दिनों पढी , उनमें कैमरा से ज्यादा वह जमीन , वह इतिहास , वह भूगोल , वह संस्कृति और सच्चे मन से वहाँ के काम करते हुए बाशिंदे बोलते हैं |क्या काम करते बाशिंदों को कैमरे में कैद किया जा सकता है ? मेरा अनुभव तो यह है कि उनके जीवन की त्रासदियों और सचाइयों को कोई कैमरा सामने नहीं ला सकता | कविता मनुष्य के बाहर के जीवन से ज्यादा उसके भीतर के जीवन की सत्य --कथा होती है ,जिसे हर रचनाकार अपनी तरह से देखता है | कैमरे के एक आँख होती है जबकि कवि सहस्रचक्षु और सहस्रबाहु होता है |